dharsiva : 40 लाख की धोखाधड़ी में बैंककर्मी राजा खुंटे गिरफ्तार



रायपुर/धरसींवा। रायपुर जिले के Dharsiwa क्षेत्र में स्थित IDBI Bank की चरौदा शाखा से जुड़ी बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने ग्राहकों की लाखों रुपये की राशि गबन करने के आरोप में बैंककर्मी राजा खुंटे को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य मामले में ग्राहकों की रकम हड़पने के आरोप में दुर्गेश शर्मा उर्फ सन्नी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

दंपत्ति के 40 लाख रुपये का गबन

पुलिस के अनुसार प्रार्थी नरेन्द्र वर्मा ने थाना धरसींवा में शिकायत दर्ज कराई कि उनका और उनकी पत्नी मनीषा वर्मा का बैंक खाता आईडीबीआई बैंक की चरौदा शाखा में है। दोनों खातों में कुल 40 लाख रुपये जमा थे, जिन्हें फिक्स डिपॉजिट कराने के उद्देश्य से बैंक कर्मचारी राजा खुंटे को दिए गए थे।

आरोपी ने आधार कार्ड, पैन कार्ड की कॉपी और फिक्स डिपॉजिट के लिए ब्लैंक चेक की मांग की थी। विश्वास में आकर प्रार्थी ने दो हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक उसे दे दिए। इसके बाद आरोपी ने फिक्स डिपॉजिट की पावती भी दी।

लेकिन जब 2 मार्च 2026 को प्रार्थी ने अपनी जमा राशि निकालने के लिए संपर्क किया तो आरोपी ने बताया कि पैसों का हेरफेर हो गया है। बैंक में जांच करने पर पता चला कि आरोपी ने ब्लैंक चेक का दुरुपयोग कर विभिन्न तिथियों में 40 लाख रुपये निकाल लिए

पुलिस जांच के बाद हुई गिरफ्तारी

मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 124/26 के तहत धारा 420 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने बैंक दस्तावेज, फिक्स डिपॉजिट पावती और बैंक स्टेटमेंट की जांच की।

जांच में आरोपी की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने राजा खुंटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच अभी जारी है।

दूसरे मामले में 15.70 लाख की ठगी

इसी दौरान एक अन्य मामले में पुलिस ने दुर्गेश शर्मा उर्फ सन्नी को भी गिरफ्तार किया। आरोपी ने

  • गोवर्धन प्रसाद दीवान और उनकी पत्नी के खाते से 8,70,000 रुपये

  • स्वाति वर्मा के खाते से 7,00,000 रुपये

इस प्रकार कुल 15,70,000 रुपये का गबन किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. राजा खुंटे (35 वर्ष)
    पिता – भक्तु राम खुंटे
    निवासी – ग्राम जुनवानी, थाना पलारी, जिला बलौदा बाजार
    वर्तमान पता – महुआ चौक, सिलयारी, थाना धरसींवा, रायपुर

  2. दुर्गेश शर्मा उर्फ सन्नी (30 वर्ष)
    पिता – मनहरण प्रसाद शर्मा
    निवासी – ग्राम टेंगाभाठा, थाना बेरला, जिला बेमेतरा