रायपुर | विशेष समाचार
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ की प्रतिष्ठित समाजसेवी संस्था नवसृजन मंच छत्तीसगढ़ द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी सम्मान 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह गरिमामय कार्यक्रम 13 मार्च 2026 को वृंदावन हॉल, रायपुर में आयोजित होगा।
संस्था के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि, इस समारोह का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही नारी शक्ति को सम्मानित कर उनके योगदान को जन-जन तक पहुँचाना है। कार्यक्रम में समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, कला, संस्कृति, उद्यमिता, खेल सहित अन्य विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली 52 महिलाओं को विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में सम्मानित किया जाएगा।
नवसृजन मंच छत्तीसगढ़ द्वारा इस सम्मान समारोह के लिए प्रविष्टियाँ आमंत्रित की गई हैं। इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित संपर्क नंबर पर अपनी प्रविष्टियाँ भेज सकते हैं।
प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तिथि - 25 फरवरी है।
संस्था ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे नारी सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण के इस पुनीत अभियान का हिस्सा बनें और महिला सशक्तिकरण की इस पहल को सफल बनाएं।


